पश्चिम बंगाल में ‘स्वच्छता संकल्प अभियान’ पूरा, 22 जिलों में चला सफाई अभियान : सुवेंदु अधिकारी

कोलकाता, 6 सितंबर . पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि राज्य सरकार का तीन दिवसीय स्वच्छता और डेंगू रोकथाम अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है.

उन्होंने बताया कि स्वच्छता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता ‘स्वच्छता संकल्प अभियान’ है. शहरी विकास और नगरपालिका मामलों के विभाग द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय अभियान पूरे राज्य में चलाया गया. इस अभियान के तहत 22 जिलों की 128 नगर पालिकाओं के 1,600 से अधिक वार्डों में सफाई और डेंगू रोकथाम अभियान चलाया गया.

मुख्यमंत्री ने आंकड़े शेयर करते हुए बताया कि अभियान के दौरान, 6,065 बंद पड़ी नालियों की सफाई की गई. 1,608 जगहों पर जमा कचरे को साफ किया गया. सड़कों के किनारे कचरा जमा होने वाली 4,511 जगहों को साफ किया गया. 27,378 जगहों पर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की पहल की गई.

इसके अलावा बाजार, स्कूल-कॉलेज, सरकारी दफ्तर और अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों के परिसरों में भी सफाई अभियान चलाया गया. 1,106 बाजारों और हाट-बाजारों में सफाई की गई. 1,304 स्कूल और कॉलेज परिसरों में सफाई की गई. 544 सरकारी कार्यालय परिसर और 315 अस्पताल परिसरों में भी सफाई की गई.

जागरुकता बढ़ाने के लिए 35,000 से अधिक आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) सामग्री बांटी गई. इस बड़े सफाई अभियान में 118 एनजीओ और नागरिक समाज संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि सिर्फ अपने आसपास सफाई करना ही काफी नहीं है बल्कि अब समय है कि हम सब मिलकर अपने मोहल्लों को साफ रखने का संकल्प लें.

उन्होंने अपील करते हुए कहा, “आइए इस स्वच्छता अभियान से खुद को स्वस्थ और अपने पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए एक जन आंदोलन बनाएं. आइए हम सब हर मोहल्ले, हर सड़क, हर नाली और हर सार्वजनिक स्थान को साफ रखने की जिम्मेदारी लें. स्वच्छ बंगाल बनाने की लड़ाई में हम में से हर एक हितधारक है. हमारा संकल्प- कचरा मुक्त पश्चिम बंगाल. डेंगू के खिलाफ एकजुट पश्चिम बंगाल. साफ रहें, स्वस्थ रहें. पश्चिम बंगाल के गौरव को बनाए रखें. स्वच्छता का संकल्प हम सभी की प्रतिबद्धता बने.”

वीकेयू/पीएम