
भोपाल/शहडोल, 10 नवंबर . मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में तीन किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई है. इस हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने का ऐलान किया है.
मिली जानकारी के अनुसार शहडोल के चौपाटी क्षेत्र में कुछ युवा जमा थे. इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी आई. पुलिस की गाड़ी को देखते ही यह युवक घबरा गए और वे मौके से भागे. पुलिस को लेकर किशोरों में डर था और वह इसी डर के चलते झूला पुल के करीब स्थित तालाब में कूद गए.
तीन किशोर के तालाब में कूदने की घटना की जैसे ही जानकारी लोगों को हुई. वे राहत और बचाव कार्य में जुट गए. काफी देर तक चले अभियान के बाद तीनों किशोर को अचेत अवस्था में बरामद कर लिया गया. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने तीनों किशोरों को मृत घोषित कर दिया.
तालाब में कूदने वाले तीन किशोरों की पहचान समीर, दुर्गेश और गौरव के तौर पर हुई है. इस घटना को जिला कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने गंभीर मानते हुए तीन सदस्य जांच कमेटी का गठन कर दिया है. इस समिति में अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन शामिल हैं.
इस जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि आखिर किशोर पुलिस से इतना क्यों डरे हुए थे और तालाब में क्यों कूदे? शहडोल में तालाब में डूबने से तीन किशोरों की हुई मौत पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपयों की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.
वहीं, दूसरी ओर तालाब में डूबने वाले तीनों किशोर के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. वे समझ ही नहीं पा रहे हैं कि आखिर पुलिस से डर कर उनके बच्चों ने तालाब में आखिर छलांग क्यों लगाई.
–
एसएनपी/डीकेपी