
लुधियाना, 10 नवंबर . दिल्ली सरकार द्वारा पंजाब पर पराली जलाने के आरोप लगाए जाने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. ‘आप’ विधायक अशोक पराशर ने कहा कि पंजाब को बदनाम करने के लिए दिल्ली की सरकार जो हथकंडे अपना रही है, यह अच्छी बात नहीं है. पराली से नुकसान इंसानियत को है, इसे रोकने के लिए पंजाब पहले से ही कोशिश कर रहा है.
‘आप’ विधायक अशोक पराशर ने से बात करते हुए कहा, “पंजाब के मुख्यमंत्री लोगों को समझा रहे हैं और पार्टी के सभी नेता व विधायक भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं. सभी विधायक लगातार बोल रहे हैं कि पराली जलाने से लोगों को नुकसान पहुंचता है. पंजाब में पराली जलाने के मामले बहुत कम हुए हैं. यह बात भी साफ है कि इससे नुकसान सभी के लिए एक जैसे हैं. इस मुद्दे पर कोई राजनीतिक रोटी नहीं सेंकनी चाहिए.”
‘आप’ नेता ने कहा, “लोगों को इससे नुकसान नहीं हो, केंद्र को इसके बारे में सोचना चाहिए. केंद्र में भाजपा की सरकार है. पंजाब देश से कोई अलग राज्य नहीं है, वह भी देश का ही हिस्सा है. केंद्र को कंधे से कंधा मिलाकर काम करना चाहिए. हम काम करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. सभी को मिलकर पराली का धुआं खत्म करना चाहिए.”
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर अशोक पराशर ने कहा, “1984 का दर्द सिर्फ पंजाब में ही नहीं, बल्कि हर किसी द्वारा महसूस किया जाता है. 1984 का दर्द ऐसा है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. 1984 के दंगों के दौरान जो पीड़ा देखी गई, वैसी दुनिया में कहीं और नहीं देखी गई. हमारे कितने ही भाई-बहनों को जिंदा जला दिया गया, उनके गले में टायर डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया गया. बच्चों को भी जिंदा जला दिया गया. भारत जैसी धरती पर ऐसी भयानक घटनाएं घटी. यह हमारे इतिहास पर एक कलंक है.”
उन्होंने कहा, “इसे मिटाने के लिए सभी राजनीतिक लोगों को दर्द महसूस करना चाहिए. किसी को रोटियां नहीं सेंकनी चाहिए. 84 में इंसानियत के साथ कत्लेआम हुआ था. उस घटना को हम जब-जब याद करते हैं, दर्द हरा हो जाता है और सभी दुखी हो जाते हैं. लेकिन जहां तक उस समय की सरकार की बात है, इंदिरा गांधी के बाद राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने और उन्हें सिख विरोधी दंगों को रोकना चाहिए था. उस समय सिख भाइयों के साथ इतना कत्लेआम हुआ कि आज तक लोग उस दर्द को याद करके रो रहे हैं.”
–
एससीएच/एबीएम