
नई दिल्ली, 9 जुलाई . ऑस्ट्रेलियनसुपर की ओर से गुरुवार को भारत में 500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खुशी जताई और देश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है.
वित्त मंत्री सीतारमण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पीएम मोदी की पोस्ट को कोट करते हुए लिखा, “भारत में ज्यादा निवेश को बढ़ावा देने और एनआईआईएफ को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद. उनके नेतृत्व में, भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है. एनआईआईएफ पर अपना भरोसा बनाए रखने के लिए ऑस्ट्रेलियनसुपर का धन्यवाद.”
ऑस्ट्रेलियनसुपर की ओर से भारत के नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड (एनआईआईएफ) में 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की निवेश प्रतिबद्धता से फंड का भारत की सभी एसेट क्लास में निवेश बढ़कर 3.3 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर हो गया है.
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “भारत, ऑस्ट्रेलियनसुपर की ओर से 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश का स्वागत करता है. इस निवेश की घोषणा आज सुबह मेलबर्न में कंपनी के सीईओ पॉल श्रोडर ने की. यह भारत की विकास और सुधार की दिशा में वैश्विक भरोसे का एक और उदाहरण है. साथ ही, यह हमारी गतिशील अर्थव्यवस्था द्वारा वैश्विक निवेशकों को मिलने वाले अपार अवसरों को भी दर्शाता है.”
समाचार एजेंसी से बात करते हुए ऑस्ट्रेलियनसुपर के सीईओ पॉल श्रोडर ने कहा कि भारत के आर्थिक विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घकालिक सोच और व्यापार एवं निवेश के बारे में उनकी समझ ने देश में निवेशकों के विश्वास को मजबूत किया है.
श्रोडर ने कहा कि उन्होंने पहले भी पीएम मोदी से बातचीत की है और वे बिजनेस और लंबे समय के लिए निवेश करने वालों के साथ जुड़ने के उनके तरीके से प्रभावित हुए हैं.
श्रोडर ने कहा, “मुझे पहले भी पीएम मोदी से मिलने का मौका मिला है और उन्होंने हमेशा मुझे भरोसा दिलाया है कि वे बिजनेस और निवेश को समझते हैं. वे भारत की समृद्धि के बारे में लंबे समय की सोच रखते हैं और यह पक्का करते हैं कि निवेशकों को स्थिर पॉलिसी और भविष्य के लिए अच्छा माहौल मिले.”
–
एबीएस