चतरा में एसपी आवास के सामने फायरिंग, निजी सुरक्षा गार्ड की मौत, आरोपी गिरफ्तार

चतरा, 21 जुलाई . झारखंड के चतरा शहर में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) आवास के सामने दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में एक निजी सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने गोली चलाने के आरोपी निजी सुरक्षा गार्ड को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है.

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो निजी सुरक्षा गार्डों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान एक गार्ड ने दूसरे पर गोली चला दी. गोली लगने से घायल गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सिमरिया और टंडवा के एसडीपीओ समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पुलिस ने आरोपी गार्ड को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल के पास खड़ी एक फोर्ड एंडेवर कार भी जब्त की है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह वाहन चतरा बाईपास निर्माण कार्य से जुड़ी एक निर्माण कंपनी के संचालक का बताया जा रहा है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक वाहन से कुछ हथियार भी बरामद किए गए हैं. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है. घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल, मृतक की पहचान और गोलीबारी की वजह को लेकर पुलिस ने आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.

यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि घटना केवल आपसी विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है. फॉरेंसिक रिपोर्ट, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना को लेकर पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

एसएनसी/डीकेपी