
जम्मू, 6 जुलाई . जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में क्वार हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के पास फ्लैश फ्लड की घटना देखने को मिली. भारी बारिश के बीच पहाड़ से आया पानी और मलबा पावर प्रोजेक्ट के परिसर में घुस गया. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि इसमें किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है.
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “अभी-अभी किश्तवाड़ से खबर मिली कि अचानक आई बाढ़ का पानी निर्माणाधीन 540 मेगावाट क्वार हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के परिसर में घुस गया है. इसके बाद मैंने संभागीय आयुक्त रमेश कुमार से बात की. अच्छी बात यह है कि जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है. परियोजना से संबंधित कुछ मशीनरी को भी बिना किसी नुकसान के सुरक्षित रूप से हटा लिया गया है.”
जितेंद्र सिंह ने आगे कहा, “कुल मिलाकर, निर्माणाधीन प्रोजेक्ट का पूरा हिस्सा सुरक्षित है और उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. चिंता की कोई बात नहीं है.”
बताया गया कि भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड हो गया, जिससे भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा और क्वार हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के आसपास के इलाके तक पहुंच गया. प्रोजेक्ट साइट के पास से गुजर रही या वहां खड़ी कई गाड़ियां मलबे के नीचे दब गईं. इसके साथ ही, किश्तवाड़-डोडा नेशनल हाईवे-244 को बंद करना पड़ा.
घटना के तुरंत बाद मलबा हटाने और गाड़ियों को निकालने के लिए लोगों और मशीनों को काम पर लगाया गया. इसके साथ ही, यात्रियों को सलाह दी गई कि जब तक रास्ता फिर से नहीं खुल जाता, वे हाईवे पर जाने से बचें और ट्रैफिक से जुड़ी आधिकारिक सलाह का पालन करें.
भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही मौसम को लेकर चेतावनी जारी की थी. 5-6 जुलाई को तेज बारिश का अनुमान लगाया गया था. इसके अलावा, मौसम विभाग ने 6 से 11 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों में व्यापक या भारी बारिश होने की संभावना जताई. इसी अवधि में कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
–
डीसीएच/