बैंकॉक में मूसलाधार बारिश से बाढ़ के हालात, सभी 50 जिलों को आपदा क्षेत्र घोषित किया गया

बैंकॉक, 26 सितंबर . बैंकॉक में मूसलाधार बारिश से बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं. प्रशासन ने शनिवार को थाई राजधानी में बाढ़ की आपदा घोषित कर दी. लगभग 48 घंटे की भारी बारिश से नहरें उफान पर हैं, सड़कें डूबी हैं और लोगों को घुटने तक पानी में चलना पड़ रहा है.

गुरुवार दोपहर से लगभग 300 मिलीमीटर बारिश होने के बाद गवर्नर ने लोगों से घर पर रहने की अपील की, जबकि प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने कहा कि वे लंदन की अपनी यात्रा बीच में ही छोड़कर वापस लौट रहे हैं.

सेंट्रल बैंकॉक के ठीक उत्तर में एक नहर का पानी घरों तक घुस आया है.

2011 में पूरे थाईलैंड में आई व्यापक बाढ़ में 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी और लाखों घर क्षतिग्रस्त हो गए थे. गुरुवार दोपहर से लगभग लगातार हो रही बारिश के कारण बैंकॉक के नहर उफान पर है, जिससे आसपास के घरों, रेस्तरां, दुकानों और गलियों में गंदा पानी भर गया है.

शनिवार को कई मुख्य सड़कें भी जलमग्न हो गईं, और कई इलाकों में लोगों को घुटने तक गहरे पानी से होकर गुजरना पड़ा.

बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन एडमिनिस्ट्रेशन (बीएमए) ने शहर के सभी 50 जिलों के लिए आपदा की घोषणा की; इस कदम से स्थानीय संगठनों को कार्रवाई करने के लिए विशेष अधिकार मिल जाते हैं.

बैंकॉक प्रशासन ने कहा कि उन्होंने वितरण के लिए दस लाख रेत की बोरियां तैयार की हैं और स्कूलों में कई अस्थायी आश्रय स्थल खोले हैं.गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट ने कहा, ” हर नहर भर गई है और शहर का पूर्वी हिस्सा सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है.”

शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर उन्होंने कहा, “बारिश लगातार हो रही है और हम अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं. हम पानी को पंप करके बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं. जो लोग नहरों के पास रहते हैं, वे ज्यादा जोखिम वाले इलाकों में हैं. अब हर नहर भर गई है.”

बीएमए ने बताया कि बाद में शहर के पंपिंग स्टेशनों की वजह से पानी का स्तर स्थिर होने लगा; ये स्टेशन अपनी पूरी क्षमता से काम कर रहे थे और कुल मिलाकर 1,200 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड के हिसाब से पानी पंप कर रहे थे.

–

केआर/