
मुंबई, 30 जुलाई . पॉपुलर वेब रियलिटी शो ‘लॉकअप-2’ के हालिया स्पेशल एपिसोड में कंटेस्टेंट के करीबी बतौर मेहमान जेल के अंदर आए हैं. शो के दौरान हर्षद के विजिटर अर्जुन बिजलानी ने उन्हें आईना दिखाया तो गौतमी कपूर ने अपने पति राम कपूर की तरफ से श्रेया कालरा से माफी मांगी. साथ ही शिल्पा शिंदे की जमकर सराहना की.
टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने हर्षद को समझाते हुए बताया कि वे बाहर शिवांगी के दोस्त से कहीं ज्यादा लग रहे हैं, जिसे दर्शक ‘लव एंगल’ जैसा देख रहे हैं. अर्जुन ने हर्षद से कहा, “तुम मुझे एक बात बताओ कि इस शो में तुम्हें बचाने के लिए दो लोग ही क्यों आए थे? क्या तुमने दो ही लोगों के साथ रिश्ते बनाए हैं?”
अर्जुन ने शिवांगी की ओर इशारा करते हुए हर्षद से कहा, “तुम्हें खुद से सवाल करना चाहिए कि कहीं तुम किसी की छाया में गेम खेल रहे हो. दोस्ती एक अलग चीज है और गेम अलग. अगर तुम कभी उस इंसान के आमने-सामने आ गए, तो क्या तुम पीछे हट जाओगे और उसे जीतने दोगे.”
अर्जुन ने साफ तौर पर हर्षद को बताया कि शिवांगी के साथ उनका बॉन्ड लव एंगल की तरह दिखता है. उन्होंने कहा, “शिवांगी के साथ दोस्ती सिर्फ एक हफ्ते की बात है. बाहर भले ही तुम दोनों की दोस्ती कायम हो, लेकिन सभी को तुम्हारी तरफ से ये लव एंगल ही दिखेगा. फिर, तुम चाहे कितनी भी सफाई दो, लोग नहीं मानेंगे और अगर सिर्फ दोस्ती है तो छोटी-छोटी बातों पर रोते क्यों हो. मुझे लगता है कि तुम्हें अपना गेम अच्छा करने की जरूरत है.”
अभिनेत्री गौतमी कपूर पति राम कपूर की विजिटर बनकर शो में पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने श्रेया कालरा से किसिंग विवाद को लेकर पति की तरफ से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि अगर राम की हरकतों से किसी महिला कंटेस्टेंट को असहज महसूस हुआ हो, तो उन्हें खेद है.
गौतमी ने श्रेया के पास जाते हुए कहा, “अगर कोई गलती हुई है, तो कृपया हमें माफ करें. अगर उन्होंने आपको गलत तरीके से छुआ या गलती से आप पर थूक दिया, तो उनकी तरफ से मैं आपसे माफी मांगती हूं.”
इसके बाद उन्होंने घर की सभी महिलाओं से माफी मांगी. उन्होंने कहा, “मैं घर की सभी महिलाओं से कहना चाहती हूं कि अगर राम ने किसी को भी असहज महसूस करवाया है, तो मैं उनकी तरफ से आप सभी से माफी मांगना चाहती हूं. मैं उनका बचाव नहीं कर रही हूं, लेकिन असल जीवन में वे वैसे व्यक्ति नहीं है.”
फिर गौतमी शिल्पा के पास गईं और कहा, “आपकी परफॉर्मेंस की मैं तारीफ करती हूं, क्योंकि आप बहुत अच्छा खेल रही हैं और सच कहूं तो यह शो आपकी वजह से ही चल रहा है.”
–
एनएस/वीसी