मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 1 नवंबर को रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली, 10 लाख लोगों के जुटने का दावा

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर . विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने कथित ‘वोट चोरी’, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली की तैयारियां तेज कर दी हैं. कांग्रेस और गठबंधन के अन्य सहयोगी दल इस रैली को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हैं.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को रामलीला मैदान का दौरा कर रैली की तैयारियों का जायजा लेने वाले हैं. इस दौरान वह सुरक्षा व्यवस्था, मंच और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे. कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल भी प्रस्तावित रैली से पहले रामलीला मैदान पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया. वहीं, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की.

देवेंद्र यादव ने से बातचीत में कहा कि इंडिया ब्लॉक की रैली में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है. उन्होंने दावा किया कि देशभर से करीब 10 लाख लोग इसमें शामिल हो सकते हैं. यादव ने कहा, “हम सभी बहुत खुश हैं कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की एक विशाल रैली होने जा रही है. रामलीला मैदान में पहले भी कई रैलियां हुई हैं, लेकिन मुझे उम्मीद है कि यह ऐतिहासिक रैली होगी, जिसमें देशभर से करीब 10 लाख लोग शामिल होंगे.”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शनों के लिए खुला रखने की अपनी मांग जारी रखेगी. हालांकि, प्रस्तावित रैली में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए रामलीला मैदान को अधिक उपयुक्त स्थान बताया. यादव ने कहा कि रामलीला मैदान की भौगोलिक स्थिति इसे देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लोगों के लिए सुविधाजनक बनाती है. इसके आसपास प्रमुख सड़कें, रेलवे स्टेशन और राजघाट स्थित हैं. उन्होंने कहा, “मुझे खुशी है कि इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दल पूरी ताकत के साथ यहां पहुंचेंगे.”

इस बीच, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने 1 नवंबर को प्रस्तावित रैली को दिवाली के बाद आयोजित करने की अपनी मांग दोहराई है. संगठन ने राष्ट्रीय राजधानी में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को लेकर चिंता जताई है.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा व्यापारियों की रैली की तारीख बदलने की मांग खारिज किए जाने के एक दिन बाद सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कांग्रेस नेता को विस्तृत पत्र लिखा. इसमें उन्होंने करीब 10 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना वाली रैली को त्योहार के बाद आयोजित करने का अनुरोध किया.

दिल्ली में व्यापारियों और उद्यमियों का प्रतिनिधित्व करने वाले इस संगठन ने पत्र की एक प्रति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी भेजी है. सीटीआई ने उनसे इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दलों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करने का आग्रह किया है. प्रस्तावित रैली में विपक्षी गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता देशभर से शामिल होने की उम्मीद है.

–

डीएससी