यह दुर्भाग्य की बात है कि रेवंत रेड्डी को ये तक नहीं पता कि नितिन नवीन कौन हैं : संबित पात्रा

नई दिल्ली, 1 जुलाई . भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तेलंगाना दौरे पर गए थे, जहां मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस बात को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की थी कि आखिर रेवंत रेड्डी कौन हैं? उन्होंने यहां तक कह दिया था कि मैं नहीं जानता हूं कि रेवंत रड्डी कौन हैं, शायद भाजपा से जुड़े हुए हैं. इसी को लेकर अब भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पत्रकारों से बातचीत में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और रेवंत रेड्डी को एक अपात्र राजनेता बताया.

उन्होंने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रेवंत रेड्डी ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का मजाक बनाने की कोशिश की. यह दुर्भाग्य की बात है कि रेवंत रेड्डी को यह तक नहीं पता है कि नितिन नवीन कौन हैं, जबकि वो मौजूदा समय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्य़क्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी मौजूदा समय में सीएम पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. देश की सबसे पुरानी पार्टी के नेता हैं. इसके बावजूद भी अगर उन्हें इस बात के बारे में जानकारी नहीं है कि अगर नितिन नवीन कौन हैं, तो मैं समझता हूं कि वो एक सशक्त नेता नहीं हैं. रेवंत रेड्डी एक राजनीतिक विज्ञान के छात्र भी नहीं हो सकते हैं कि अगर उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्य़क्ष के बारे में जानकारी नहीं हो. बहुत मुमकिन है कि उन्हें इस बात के बारे में जानकारी हो कि आखिर नितिन नवीन कौन हैं? लेकिन, शायद वो मजाक बनाने की कोशिश कर रहे हों. रेवंत रेड्डी को समझना होगा कि मजाक करने की भारी कीमत चुकानी पड़ती है. आप याद कीजिए कि इससे पहले ममता बनर्जी ने हमारा मजाक बनाने की कोशिश की थी और आज उनकी स्थिति कैसी है.

संबित पात्रा ने कहा कि इससे यह साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस पार्टी किस तरह से सिर्फ एक ही परिवार से संबंध रखती है. यह पार्टी सिर्फ उस परिवार के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करती है, बाकी के लोगों को कुछ नहीं मानती है. रेवंत रेड्डी का बयान मौजूदा समय में इसी स्थिति को दर्शाता है. रेवंत रेड्डी के भाषण का पूरा अंश मेरे पास मौजूद है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हाल ही में एक व्यक्ति हमारे बीच में आए थे, जिनका नाम शायद नितिन नवीन है, मुझे इस बारे में पुख्ता जानकारी नहीं है. क्या उनका नाम नितिन नवीन है?

साथ ही, उन्होंने रेवंत रेड्डी के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं 2028 के विधासनभा चुनाव में भाजपा को कुचल दूंगा. इस पर संबित पात्रा ने कहा कि हिंदुस्तान अहंकार नहीं सहता है. रेवंत रेड्डी को समझना होगा कि नितिन नवीन पांच बार के विधायक रहे हैं. उन्हें धरातल की अच्छी समझ है. भाजपा में दरी और पोस्टर लगाने वाले व्यक्ति भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर जा सकते हैं. आपकी तरह हमारे यहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रधानमंत्री अवतरित नहीं होते हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों को आगे चलकर मौका दिया जाता है.

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब पालने में थे, तभी ये लोग कहा करते थे कि आ गए भविष्य के भारत के प्रधानमंत्री. आ गए भविष्य के भारत के भाग्य विधाता. यही हमारे सर्वेसर्वा हैं. इस तरह की मानसिकता हमारी पार्टी में नहीं है.

साथ ही, उन्होंने रेवंत रेड्डी के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि हम ममता बनर्जी नहीं हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता ने खेला कर दिया. रेवंत रेड्डी ने कहा कि वी विल क्रश द बीजेपी. ममता बनर्जी भी पश्चिम बंगाल में क्रश कर रही थी, लोगों ने उन्हें अच्छे से समझा दिया. रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना की जनता से कई वादे किए थे, लेकिन उसे पूरा नहीं किया. पैसों के अभाव का हवाला देकर इन वादों को पूरा करने से इनकार कर दिया गया. रेवंत रेड्डी ने कहा था कि आप किसानों का भरोसा जीतेंगे. लेकिन, आपने किसानों के हितों पर कुठाराघात किया. आपने यहां तक वादा किया था कि जिस किसी की भी बेटी की शादी होगी, उसे एक तोला सोना दिया जाएगा, लेकिन आपने ऐसा नहीं किया गया.

एसएचके/पीएम