
बेंगलुरु/देहरादून, 30 अक्टूबर . उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई. मृतकों में कर्नाटक के पांच यात्री शामिल थे. कर्नाटक सरकार ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.
कर्नाटक सरकार के आपदा प्रबंधन, राजस्व विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 2 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के लिए रवाना हुआ था. उड़ान के दौरान हाथी पर्वत क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय हो गया. सेना, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीमों को खोज एवं बचाव अभियान के लिए मौके पर भेजा गया. संयुक्त अभियान के दौरान पायलट सहित सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए.
अधिकारियों के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए जोशीमठ लाया जा रहा है. इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह राज्य कर्नाटक भेजे जाएंगे.
कर्नाटक सरकार ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय और उत्तराखंड के राहत आयुक्त कार्यालय के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि शवों को जल्द से जल्द कर्नाटक पहुंचाया जा सके. कर्नाटक भवन स्थित रेजिडेंट कमिश्नर का कार्यालय भी उत्तराखंड प्रशासन के संपर्क में है और पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है.
कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) की आयुक्त होन्नम्बा एस. ने कहा कि राज्य सरकार इस दुखद घटना से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने तथा इसके कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए.
–
एएसएच/वीसी