
भुवनेश्वर, 30 अक्टूबर . राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने चक्रवात अर्नब और उसके बाद आई बाढ़ की स्थिति को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से टेलीफोन पर बातचीत की. राष्ट्रपति ने राज्य की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और चक्रवात व बाढ़ से प्रभावित तथा विस्थापित लोगों के हालचाल के बारे में भी पूछा. राष्ट्रपति ने आपदा के बाद राहत और बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों के कल्याण को लेकर चिंता व्यक्त की.
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राष्ट्रपति के प्रति आभार जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि चक्रवात अर्नब के बाद ओडिशा के प्रति उनकी चिंता और सहयोग के लिए वह कृतज्ञ हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का प्रोत्साहन और समर्थन राज्य सरकार के इस संकल्प को और मजबूत करता है कि हर ओडिशावासी की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित की जाए.
इस बीच मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को लगातार बारिश, बाढ़ और चक्रवात के बाद हुई वर्षा से प्रभावित किसानों को भरोसा दिलाया कि फसल नुकसान का आकलन कर नियमानुसार जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है. किसानों को राज्य का अन्नदाता बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी आर्थिक समृद्धि और प्रगति ओडिशा के समग्र विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर ओडिशा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (ओयूएटी) के कृषि शिक्षा सदन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष कदम उठा रही है कि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे.
उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि जो अब तक एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकरण नहीं करा सके हैं, वे निकटतम राजस्व या कृषि कार्यालय से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को उनका हक दिलाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं और पीएम-किसान योजना किसानों के लिए बड़ी आर्थिक सहायता साबित हुई है.
उन्होंने बताया कि पीएम-किसान की 24वीं किस्त के तहत ओडिशा के 35.38 लाख से अधिक पात्र किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 707.60 करोड़ रुपए भेजे गए हैं. प्रत्येक लाभार्थी किसान को 2,000 रुपए की सहायता राशि मिली है.
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की सीएम-किसान योजना और सीएम-किसान लाभार्थियों के बच्चों के लिए संचालित कृषि विद्या निधि छात्रवृत्ति योजना का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है.
–
एएमटी/वीसी