
नई दिल्ली, 17 सितंबर . कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. कांग्रेस नेताओं ने पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं. ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करे.”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं.”
एनसीपी-एसपी की सांसद सुप्रिया सुले ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. आने वाला साल आपके लिए स्वास्थ्यपूर्ण हो.”
बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज उनके 76वें जन्मदिन की हार्दिक बधाई व स्वस्थ्य जीवन की शुभकामनाएं.”
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं.”
आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं. साथ ही, केजरीवाल ने पोस्ट में कहा, “तो, इस तरह मोदी जी ने दिल्ली जीती. वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ करके. भारतीय लोकतंत्र की हत्या करने के लिए मोदी जी को बधाई.”
बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य व लंबी उम्र की कामना की.
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था. वह 26 मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं. वर्तमान में उनका तीसरा कार्यकाल चल रहा है. वह देश के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने गए प्रधानमंत्री हैं. पीएम मोदी वाराणसी से सांसद हैं. वह 2001 से 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे. इस वर्ष सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं.
–
डीसीएच/