लालू यादव ने 19 अगस्त के लोकभवन मार्च में शामिल होने की अपील की, छात्र-युवा के मुद्दों पर सरकार को घेरा

पटना, 18 अगस्त . राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने 19 अगस्त को पटना में प्रस्तावित लोकभवन मार्च में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर छात्र-युवा मुद्दों को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा और लोगों से इस मार्च में एकजुट होने का आह्वान किया.

लालू यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा, “समस्त छात्र-युवा शक्ति पेपरलीक, बदहाल शिक्षा प्रणाली, पक्षपातपूर्ण बहाली प्रक्रिया और बेरोजगारी से त्रस्त है.” उन्होंने राज्य सरकार पर लोकतांत्रिक मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा, “लूट तंत्र से बनी दंभी सरकार उनकी लोकतांत्रिक मांगों को सुनने की बजाय एके-47 से गोलियां बरसाती है, यह अन्यायपूर्ण है.”

राजद प्रमुख ने आगे कहा, “इस तानाशाही के विरुद्ध सभी 19 अगस्त को पटना में एकजुट हो.”

दरअसल, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने 19 अगस्त को पटना में लोकभवन मार्च निकालने की घोषणा की है. तेजस्वी यादव ने इसे ‘खुला मार्च’ बताते हुए कहा है कि इसमें छात्र, युवा और आम लोग शामिल हो सकते हैं. राजद नेताओं के मुताबिक, मार्च का उद्देश्य बिहार में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगना है. पार्टी लगातार पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और बेरोजगारी के मुद्दे उठाती रही है.

तेजस्वी यादव ने हाल में बिहार के सीवान में छात्रों पर एके-47 से फायरिंग की घटना को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए हैं. राजद इस घटना को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है. पार्टी का आरोप है कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है.

राजद के अनुसार, लोकभवन मार्च के दौरान सरकार से छात्रों की मांगों, भर्ती प्रक्रिया, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर जवाब मांगा जाएगा. पार्टी ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में पटना पहुंचने की अपील की है. लालू यादव की अपील को इस मार्च के लिए राजद की राजनीतिक लामबंदी के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी छात्र-युवा मुद्दों के जरिए राज्य सरकार को घेरने की तैयारी में है.

एमएनपी/एएस