
नई दिल्ली, 3 नवंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पुणे के मेट्रो पिंक लाइन का उद्घाटन किया. इस वहां मौजूद लोगों को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तब और बढ़ जाती हैं, जब जीवन में कोई नई सुविधा जुड़ती है. आज पुणे के लोगों के लिए ऐसा ही एक सुखद अवसर है. मुझे खुशी है कि आज पुणे मेट्रो की एक और लाइन का लोकार्पण हो रहा है.”
पीएम मोदी ने कहा, “10 वर्ष पहले मुझे पुणे में पहले चरण के काम के शिलान्यास का अवसर मिला था. अब हिंजवड़ी से शिवाजी नगर के बीच मेट्रो शुरू होने से पुणे के एक बड़े आईटी हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. आज जिस नई लाइन पर काम शुरू हुआ है, उससे पुणे के पुराने और नए इलाकों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी. मैं पुणे और महाराष्ट्र के सभी लोगों को बधाई देता हूं. पुणे शहर हमेशा से ऐसे विचारों का केंद्र रहा है, जिनसे राष्ट्र और समाज को नई दिशा मिली है. आज पुणे विकसित भारत की नई उर्जा को भी दिशा दे रहा है.”
उन्होंने कहा, “आईटी, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप्स, इनोवेशन से लेकर मैन्यूफैक्चरिंग तक पुणे देश के युवाओं के लिए सपनों और संकल्प का स्थान है. ऐसे में मजबूत होती यहां की मेट्रो कनेक्टिविटी पुणे शहर के विकास को नई गति देने जा रही है. पुणे मेट्रो का लोकार्पण और इसका विस्तार यह दिखाता है कि विकसित भारत के लिए हम कैसे शहरों का निर्माण कर रहे हैं. पहले किसी शहर की पहचान उसके उद्योगों से होती थी या वहां के किसी प्रसिद्ध खान-पान या किसी प्रसिद्ध फल, फसल से होती थी. आज शहरों की पहचान के साथ दो और कसौटियां जुड़ गई हैं. पहला, कोई शहर कितना कॉम्पिटिटिव है और दूसरा, वहां ईज ऑफ लिविंग का क्या स्तर है? मेट्रो प्रोजेक्ट इन दोनों कसौटियों में किसी भी शहर को और बेहतर बनाता है.”
पीएम ने कहा, “पुणे मेट्रो का जितना विस्तार हो रहा है, उससे समय भी बच रहा है और यहां के लोगों को ज्यादा सुविधा भी मिल रही है. हम सभी को पता है कि जब शहर का समय बचता है तो प्रोडक्टिविटी बढ़ती है. जब शहर की प्रोडक्टिविटी बढ़ती है तो देश की अर्थव्यवस्था को गति मिलती है और जब अर्थव्यवस्था बढ़ती है तो गरीब और मीडिल क्लास दोनों को उसका फायदा होता है. आज का यह दिन प्रो-पीपुल, प्रो-ऐक्टिव और गुड गवर्नेंस का भी उदाहरण है.”
उन्होंने कहा, “2014 तक देश में सिर्फ पांच शहरों में मेट्रो चल रही थी. अगर वही पुरानी सोच चलती, पुरानी सरकार रहती, पुरानी कार्य संस्कृति रहती तो पुणे में मेट्रो को पहुंचने में कई दशक और लग जाते. हालांकि 2014 में जब देश ने एनडीए को सेवा का मौका दिया तो हम एक संकल्प लेकर चले. यह संकल्प था कि शहर में रहने वाले मिडिल क्लास की ईज ऑफ लीविंग, ईज ऑफ ट्रांसपोर्टेशन का नतीजा आज हम देख रहे हैं. बीते 12 वर्षों में देश में मेट्रो ट्रांसपोर्ट का कायाकल्प हो चुका है.”
पीएम ने कहा, “अब हर रोज मेट्रो में एक करोड़ से ज्यादा लोग यात्रा कर रहे हैं. आज भारतीय मेट्रो नेटवर्क दुनिया के टॉप 3 मेट्रो नेटवर्क में गिना जाता है. आज विकसित भारत बनाने के लिए देश के एक-एक नागरिक पूरी ताकत से जुटे हैं. आज हर कोई बड़े आत्मविश्वास से कह रहा है कि ‘वी विल डू इट.’ यह भाव पूरे देश में है. बीते 12 वर्षों में देश की उर्जा, गांव की सड़कों, हाईवे, एक्सप्रेसवे, नई रेल लाइनों का बिजलीकरण, लंबी-लंबी टनल और ऊंचे-ऊंचे पुलों के निर्माण में अनेक विविध योजनाएं और नए-नए प्रकल्प साकार कर रही है.”
–
एसडी/पीएम