
अहमदाबाद, 4 अगस्त . कर्नाटक पुलिस भर्ती परीक्षा के विरोध को लेकर मंत्री प्रियांक खड़गे ने विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा कि 25 दिनों तक उपवास करेंगे और उसके बाद इस्तीफा देंगे. इस पर भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने प्रियांक खड़गे पर निशाना साधा.
भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने समाचार एजेंसी से बातचीत के कहा, “प्रियांक खड़गे ने कांग्रेस का असली चेहरा दिखा दिया है. जो लोग दिल्ली आकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं और छात्रों के प्रति सहानुभूति दिखाते हैं, उन्होंने उनकी असलियत उजागर कर दी है. उन्होंने कहा कि वे इस्तीफा तभी देंगे जब छात्रों का विरोध प्रदर्शन होगा और वहां लाठीचार्ज होगा. तभी वे इस बारे में सोचेंगे. यह अहंकार कहां से आता है.”
उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस में यही फर्क है. यही कारण है कि देश की जनता भाजपा पर विश्वास करती है. इसी अहंकार के चलते कांग्रेस का पतन हो रहा है.
राजस्थान में आंतरिक कलह को लेकर भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा, “कांग्रेस में गुटबाजी कोई नई बात नहीं है. जब एक गुट खत्म होता है तो दूसरा उभरता है. जब दूसरा खत्म होता है तो तीसरा सामने आता है. एक गुट दूसरे के खिलाफ बोलता है क्योंकि वे ‘दरबारी’ कांग्रेस नेता हैं, जो खुद को खास नेताओं के साथ जोड़ लेते हैं. यह कोई नई बात नहीं है. राजस्थान में जो गुटबाजी दिख रही है, अगर वे विपक्ष में रहते हुए भी बंटे हुए हैं तो सोचिए जनता उन पर सत्ता के लिए कैसे भरोसा करेगी. पंजाब और कर्नाटक में भी यही हो रहा है.”
भारत ने रूस से जुलाई माह में करीब 28 लाख प्रति बैरल कच्चा तेल आयात किया है. इस पर रोहन गुप्ता ने कहा, “आज सभी विपक्षी पार्टियों को आगे आकर सरकार से माफी मांगनी चाहिए. जिन लोगों ने दावा किया था कि भारत ट्रंप के सामने झुक गया है और रूस से आयात बंद कर दिया है, उन्हें इसका जवाब देना चाहिए. हमने अपने कच्चे तेल का 55.5 प्रतिशत रूस से आयात किया.”
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल हर मुद्दे पर राजनीति करते हैं और इसका खुलासा दो-तीन महीने के बाद हो जाता है. जब आंकड़े सामने आते हैं तो ये लोग चुप्पी साध लेते हैं. भारत सरकार किसी के सामने सरेंडर होने वाली नहीं है. जहां देशहित की बात होगी, वहीं से आयात किया जाएगा.
गुजरात में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के टेंडर को लेकर की टिप्पणी पर रोहन गुप्ता ने सवाल किया कि गुजरात से कांग्रेस को नफरत क्यों है? कई बार उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष गुजरातियों को गाली देते रहे हैं तो कभी उनके नेता गुजरातियों के खिलाफ बोल देते हैं. उन्होंने कहा कि गुजरात देश का हिस्सा है और देश को गुजरात पर गर्व है. यह वही गुजरात है, जिसने महात्मा गांधी-सरदार पटेल जैसे व्यक्तित्व को दिया और उन्होंने देश का नेतृत्व कर भारत का मान बढ़ाया है.
उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगाता कि कोई भी पार्टी गुजरात का अपमान करके राजनीति नहीं कर पाएगी. कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी अगर भारत को मिलता है तो यह गौरव की बात है.
–
एएसएच/डीकेपी