सोने की कीमतों में मामूली बदलाव, चांदी करीब दो हजार रुपए सस्ती हुई

मुंबई, 27 अक्टूबर . सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को गिरावट देखने को मिली. इस दौरान सोना करीब 280 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब 2,000 रुपए प्रति किलो सस्ती हो गई.

आईबीजेए के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 279 रुपए कम होकर 1,41,431 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,41,710 रुपए प्रति 10 ग्राम थी.

22 कैरेट सोने का दाम कम होकर 1,29,551 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,29,806 रुपए प्रति 10 ग्राम था. 18 कैरेट सोने का दाम 1,06,283 रुपए प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,06,073 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है.

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली है.

चांदी का दाम 1,980 रुपए घटकर 1,92,499 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 1,94,479 रुपए प्रति किलो थी.

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना 4,040 डॉलर प्रति औंस पर सपाट कारोबार कर रहा था. चांदी एक प्रतिशत की कमजोरी के साथ 53.76 डॉलर प्रति औंस पर थी.

जानकारों ने आगे कहा कि डॉलर के मजबूत होने और कॉमेक्स गोल्ड में लगातार कमजोरी के कारण सोने की कीमतों पर दबाव बना रहा, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें 4,000 डॉलर प्रति औंस के आसपास बनी रहीं. 28 अक्टूबर को आने वाले अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले को लेकर बाजार में निवेशक सतर्क हैं. ब्याज दरों पर लिए जाने वाले फैसले और आगे के लिए दिए जाने वाले संकेतों से ही बाजार की अगली दिशा तय होने की उम्मीद है.

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में, घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है और निकट भविष्य में इसकी कीमत 1,40,000 रुपए प्रति औंस से 1,44,500 रुपए प्रति औंस के दायरे में रह सकती है.

–

एबीएस