धनबाद में शराब के विवाद में बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता की हत्या की

धनबाद, 28 जुलाई . झारखंड के धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. घटना मंगलवार को बादलपुर गांव में हुई. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है.

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 65 वर्षीय चांद सोरेन के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी उनका 40 वर्षीय बेटा कालीपद सोरेन है. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. सूचना मिलने पर टुंडी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता और पुत्र अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था. मंगलवार को भी दोनों शराब पी रहे थे. इसी दौरान किसी बात पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते-देखते हिंसक झड़प में बदल गई.

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान कालीपद सोरेन ने गुस्से में आकर अपने पिता पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से चांद सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके पर ही था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

टुंडी थाना प्रभारी उमा शंकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. हालांकि, हत्या के पीछे किसी अन्य कारण की भी जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी. आरोपी से पूछताछ जारी है.

एसएनसी/डीकेपी