
गाजियाबाद, 13 अगस्त . गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार और अनियंत्रित थार ने पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (पीआरवी) को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में पीआरवी पर तैनात दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान होमगार्ड कपिल कुमार की मौत हो गई.
वहीं, हादसे में घायल कांस्टेबल प्रवीण का अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर थार चालक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, घटना 12 अगस्त 2026 की रात करीब 11:15 बजे की है. पीआरवी नंबर 9619 पर गौतमबुद्ध नगर के गौर सिटी-2 से एक इवेंट प्राप्त हुआ था. सूचना मिलने के बाद पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके के लिए रवाना हुए. बताया गया कि पीआरवी क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र से होते हुए गौतमबुद्ध नगर की ओर जा रही थी.
इसी दौरान रास्ते में लाल रंग की एक थार तेज रफ्तार से आती दिखाई दी. पुलिस के अनुसार थार चालक वाहन को काफी तेज गति और अनियंत्रित तरीके से चला रहा था. इसी दौरान थार ने पीआरवी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीआरवी में मौजूद कांस्टेबल प्रवीण और होमगार्ड कपिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने दोनों का इलाज शुरू किया, लेकिन होमगार्ड कपिल कुमार की हालत गंभीर बनी रही. इलाज के दौरान कपिल कुमार ने दम तोड़ दिया.
वहीं, कांस्टेबल प्रवीण का उपचार अस्पताल में जारी है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी. क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल लाल रंग की थार को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.
सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि घटना में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे. उपचार के दौरान होमगार्ड कपिल कुमार की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे घायल पुलिसकर्मी का इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
–
पीकेटी/एसके