
हैदराबाद, 22 जून . विभिन्न इस्लामी संगठनों के प्रमुख उलेमा और एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को चारमीनार जोन के पुलिस उपायुक्त किरण खरे प्रभाकर से मुलाकात कर भाजपा नेता नाजिया इलाही खान के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत में नाजिया इलाही खान के हालिया सार्वजनिक बयानों पर आपत्ति जताई गई, जिनमें उन्होंने कथित तौर पर हिंदुओं से सरकारी और निजी क्षेत्र की नौकरियों में मुसलमानों का बहिष्कार करने की अपील की थी. प्रतिनिधिमंडल ने इन बयानों को भड़काऊ बताते हुए कहा कि यह सांप्रदायिक सौहार्द के लिए सीधा खतरा हैं.
उलेमाओं ने इन टिप्पणियों की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की. उनका आरोप है कि ये बयान न केवल आर्थिक भेदभाव को बढ़ावा देते हैं, बल्कि धार्मिक हस्तियों के खिलाफ भी बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं.
कादरिया इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष मौलाना सईद कादरी ने कहा, “हम उलेमा और मशायखीन के एक समूह के रूप में इस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डीसीपी के पास आए हैं. इन्होंने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणी की है.”
उन्होंने आगे कहा, “हमने एक ज्ञापन सौंपकर उनके खिलाफ मामला दर्ज करने, उन्हें गिरफ्तार कर हैदराबाद लाने और कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की है. हमें विश्वास है कि पुलिस प्रशासन उचित कानूनी कदम उठाएगा.”
हैदराबाद पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और कहा कि आगे की कार्रवाई तय करने से पहले उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जाएगी.
डीसीपी किरण खरे प्रभाकर ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा, “हमें ज्ञापन प्राप्त हुआ है. शिकायत में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ दिए गए कुछ बयानों पर चिंता जताई गई है, जो जनभावनाओं के विपरीत प्रतीत होते हैं. मैंने अभी संबंधित वीडियो नहीं देखे हैं, लेकिन उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच करूंगा और उसके अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.”
–
एएमटी/डीकेपी