धूप से लौटने के बाद तुरंत पानी पीने की आदत पड़ सकती है भारी, जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स

नई दिल्ली, 23 मई . गर्मी के मौसम में लू, तपन, उमस और तेज धूप से बचाव के साथ-साथ भरपूर मात्रा में पीना पीना बेहद जरूरी है. हालांकि, गलत तरीके से पानी पीने की आदतें सेहत पर गलत असर डाल सकती हैं, जो बेहद खतरनाक हो सकती है. ऐसे में हेल्थ एक्सपर्ट्स धूप से लौटने के तुरंत बाद पानी पीने की आम गलतियों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा करने वाली आदत बताते हुए चेतावनी भी देते हैं.

नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने चेतावनी दी है कि धूप से लौटने के तुरंत बाद पानी पीने की आम गलती गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती है. गर्मी में बाहर से घर आते ही कई लोग ठंडा पानी या बर्फ वाला पानी पीने की गलती कर बैठते हैं.

एनएचएम के अनुसार, यह आदत शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकती है. जब शरीर अत्यधिक गर्म हो जाता है, तब अचानक ठंडा पानी पीने से शरीर का तापमान अचानक बदल जाता है, जिससे पाचन तंत्र, गले और शरीर के अन्य अंगों पर बुरा असर पड़ सकता है. ऐसे में धूप से लौटने के बाद पानी पीने के सही तरीकों पर ध्यान देना जरूरी है.

गर्मी के मौसम में शरीर से लगातार पानी की कमी होती रहती है. सही तरीके से पानी पीने से डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अन्य गर्मी संबंधी बीमारियों से बचाव होता है. विशेषज्ञों का कहना है कि दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है, लेकिन सही समय और तरीके से.

तुरंत पानी न पीएं : बाहर से आने के बाद कम से कम 10-15 मिनट शरीर को आराम दें. छाया में बैठकर शरीर का तापमान सामान्य होने दें.

बहुत ठंडा या बर्फ का पानी न पीएं : ऐसे पानी से गले में खराश, पेट दर्द या सर्दी जैसी समस्या हो सकती है.

छोटे-छोटे घूंट में पानी पीएं : एक साथ पूरा गिलास पीने की बजाय धीरे-धीरे घूंट लेकर पिएं.

सामान्य तापमान का पानी पीएं :- यदि संभव हो तो घड़े का रखा हुआ सामान्य पानी ही बेहतर है.

शरीर को सामान्य होने दें :- पहले पसीना सूखने दें और सांस को सामान्य होने दें, फिर पानी पिएं.

इसके साथ ही अन्य सावधानियां भी बरतें जैसे बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखें. फलों का रस या नारियल पानी भी शरीर को ठंडक और ऊर्जा देता है. बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें, क्योंकि वे जल्दी डिहाइड्रेट हो जाते हैं.

एमटी/पीएम