विमेंस एशिया कप: शेफाली को उम्मीद, बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में अच्छा प्रदर्शन करेगा भारतीय मिडिल-ऑर्डर

दुबई, 9 सितंबर . भारतीय टीम गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ विमेंस एशिया कप 2026 का सेमीफाइनल मैच खेलेगी. भारत के मिडिल-ऑर्डर ने इस टूर्नामेंट में फैंस को निराश किया है, लेकिन, ओपनर शेफाली वर्मा ने नॉकआउट मैच से पहले उनका समर्थन किया. शेफाली का मानना है कि रन न बन पाना बस एक अस्थायी दौर है.

विमेंस एशिया कप 2026 में शेफाली और उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने भारत के लिए ज्यादातर रन बनाने की जिम्मेदारी संभाली है, जबकि बाकी बल्लेबाजों को लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में संघर्ष करना पड़ा. टूर्नामेंट की शुरुआत में थाईलैंड के खिलाफ 46 रन पर 8 विकेट गिरने से टीम की मिडिल-ऑर्डर बैटिंग की समस्याएं फिर से उजागर हुई, लेकिन शेफाली को साथी बल्लेबाजों पर नॉकआउट स्टेज में अच्छा प्रदर्शन करने का भरोसा है.

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेफाली वर्मा ने पत्रकारों से कहा, “कभी-कभी बुरे दिन भी आते हैं, लेकिन वे सभी बहुत अच्छी खिलाड़ी हैं. वे सभी बहुत अच्छी बल्लेबाज हैं. अगर भारती और ऋचा की बात करें, तो वे बहुत अच्छी फिनिशर हैं और मिडिल-ऑर्डर में भी बढ़िया काम करती हैं. इसलिए, मुझे पूरा भरोसा है कि वे हमारी टीम के लिए अच्छा करेंगी.”

भारत ने रिकॉर्ड सात बार विमेंस एशिया कप का खिताब जीता है. इस संस्करण में 5 सितंबर को पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंदने के बाद टीम सेमीफाइनल में पहुंच रही है. शेफाली का मानना ​​है कि यह ब्रेक टीम के लिए सही समय पर मिला, ताकि वे तरोताजा हो सकें और अपनी योजनाओं को बेहतर बना सकें. उन्होंने कहा, “हमारी तैयारी अच्छी रही. हमें चार दिन का ब्रेक मिला और उन दिनों में हमने अच्छी तरह रिकवर किया और प्रैक्टिस भी की. इसलिए, हम सभी सेमीफाइनल के लिए तैयार हैं.”

शेफाली वर्मा एशिया कप 2026 के तीन मुकाबलों में 104 रन बना चुकी हैं, लेकिन वह पिछले प्रदर्शन पर निर्भर रहने के बजाय हर नए मैच को एक नई शुरुआत मानती हैं. उन्होंने कहा, “बतौर बल्लेबाज जब भी मैदान पर जाती हूं, तो जीरो से शुरुआत करती हूं, लेकिन उस पारी से आत्मविश्वास मिला है. इसलिए, मैं उस आत्मविश्वास को साथ लेकर फिर से जीरो से शुरुआत करूंगी.”

शेफाली ने कहा कि दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की धीमी और स्पिन-फ्रेंडली पिचें भारत की पिचों जैसी ही हैं, जिससे टीम को ढलने के लिए एक जाना-पहचाना माहौल मिलता है. उन्होंने बताया, “बेशक, यहां की स्थितियां भारत के जैसी हैं. इसलिए, हम सभी इन स्थितियों से वाकिफ हैं. विकेट पर थोड़ा टर्न है. हम सभी इसके लिए तैयार हैं और मुझे भी स्थितियों के बारे में पता है. इसलिए, मैं बस मैदान पर जाती हूं, समय लेती हूं और खेल का लुत्फ उठाती हूं.”

–

आरएसजी